
बेला। थाना क्षेत्र के गांव रायपुर कैथावा में शुक्रवार की सुबह करीब 9:45 बजे खेतों में अचानक आग लग गई। बताया गया कि गेहूं की फसल कट चुकी थी और खेतों में भूसा पड़ा हुआ था जिसने आग पकड़ ली। इस आगजनी में किसान भगवान सिंह पुत्र बहादुर सिंह, गोविंद पुत्र बलराम सिंह निवासी कैथावा थाना बेला, अनिल पुत्र उदयनारायण निवासी रायपुर थाना बेला तथा पप्पू पुत्र हरदयाल सिंह निवासी हिंद पूर्वा थाना बेला के खेत प्रभावित हुए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य बड़े नुकसान की खबर नहीं है। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आवश्यक कार्रवाई की गई है।
