
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। रविवार दोपहर सीओ आयुषी सिंह ने थाना बलरई का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एफआईआर रजिस्टर, काउंसलिंग रजिस्टर, फीडबैक रजिस्टर, रजिस्टर नंबर-4 व 8, ग्राम अपराध रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की गहन जांच की और आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महिला संबंधित मामलों को लेकर सीओ ने विशेष गंभीरता दिखाई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि काउंसलिंग कार्य संवेदनशीलता व प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। मिशन शक्ति से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।
थाने में गंदगी और लंबित विवेचनाओं की स्थिति देखकर सीओ ने नाराजगी जताई और संबंधित उपनिरीक्षकों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-साक्ष्य और ई-समन प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया। सीओ ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही को पुलिस की प्राथमिकता बताते हुए कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए।
