
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। थाना क्षेत्र के मोहल्ला लुधपुरा निवासी भाजपा नेत्री दीपिका उर्फ पूजा ने गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और अवैध मोबाइल कारोबार में संलिप्तता के आरोप में आगरा निवासी एक युवक के खिलाफ थाना जसवंतनगर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता दीपिका पुत्री लाल जी ने प्रार्थना पत्र में बताया कि 12 फरवरी 2026 को आगरा जिले के शमशाबाद क्षेत्र निवासी अर्जुन चक ने उन्हें फोन कर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि आरोपी ने अपने नंबर के बजाय दूसरे मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर कॉल किए, जिससे पहचान छिपाने का प्रयास किया गया।
दीपिका का कहना है कि कॉल की रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे उन्होंने साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंप दिया है। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पुराने मोबाइल फोन अवैध रूप से खरीद-बिक्री करता है और उनके आईएमईआई नंबर बदलकर बेचता है, जो कानूनन गंभीर अपराध है। पीड़िता ने आरोपी के आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से संबंध होने का भी आरोप लगाया है और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी आरोपी की होगी। थानाध्यक्ष कमल भाटी का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
