
जसवन्तनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। समाज में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के उद्देश्य से मंगलवार को ब्लॉक सभागार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम जिला जज रजत सिंह जैन के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती आरती द्विवेदी के नेतृत्व में संपन्न होगा।
कार्यक्रम के तहत नालसा (राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण) की “आशा” योजना— अवेयरनेस (जागरूकता), सपोर्ट (सहयोग), हेल्प (मदद) और एक्शन (कार्रवाई) के अंतर्गत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (मानक कार्यप्रणाली) – टुवर्ड्स एलिमिनेटिंग चाइल्ड मैरिज, 2025 (बाल विवाह समाप्ति की दिशा में) विषय पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान बाल विवाह की रोकथाम, पीड़ितों को सहायता, संबंधित कानूनी प्रावधानों और प्रशासनिक कार्रवाई के बारे में जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं एवं आमजन भाग लेंगे। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ आगे आएं और समाज को जागरूक बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
