Homeउत्तर प्रदेशकचोरा बाईपास मोड़ पर सुरक्षा इंतजाम न होने से हादसों का खतरा...

कचोरा बाईपास मोड़ पर सुरक्षा इंतजाम न होने से हादसों का खतरा बढ़ा, सांकेतिक बोर्ड, रिफ्लेक्टर और डिवाइडर लगाने की ग्रामीणों ने उठाई मांग

132977

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। राष्ट्रीय राजमार्ग से कचोरा बाईपास की ओर जाने वाले मोड़ पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम न होने से लगातार सड़क हादसों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने मोड़ पर सांकेतिक बोर्ड, रिफ्लेक्टर और डिवाइडर लगाए जाने की मांग करते हुए संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कचोरा बाईपास का यह मोड़ काफी तीखा है और दूर से आने वाले वाहन चालकों को समय रहते स्पष्ट दिखाई नहीं देता। मोड़ पर किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड, दिशा-सूचक संकेतक अथवा रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए हैं, जिससे वाहन चालक अचानक मोड़ पर पहुंच जाते हैं। इसके चलते कई बार आमने-सामने की टक्कर की स्थिति बन जाती है, जबकि कुछ वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढों में भी जा चुके हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई दुर्घटनाएं होने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। उनका कहना है कि यदि मोड़ पर डिवाइडर, रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड और स्पीड वार्निंग संकेतक लगा दिए जाएं तो दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम हो सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा होने के कारण यहां भारी और तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन लगातार बना रहता है, जिससे हादसों की आशंका और बढ़ जाती है।

हरिओम, श्याम सिंह, मनोज कुमार, रोहित, अविनाश कुमार, बृजकिशोर, जानकी प्रसाद, भारत सिंह और राकेश सहित अनेक ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से जनहित में कचोरा बाईपास मोड़ पर जल्द से जल्द सुरक्षा संबंधी इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाले सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

Pankaj Rathaur
Pankaj Rathaurhttps://mihnews.in/
जमीन से जुड़ी रिपोर्टिंग में विश्वास रखने और सामाजिक मुद्दों से जुडी खबरे.
RELATED ARTICLES

Most Popular