
जसवन्तनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। जिला जज रजत सिंह जैन की अध्यक्षता में शनिवार को जजी परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती आरती द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के लंबित वादों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
लोक अदालत में बैंक ऋण, बिजली बिल, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम, राजस्व एवं अन्य सुलह योग्य मामलों की सुनवाई की जाएगी। प्राधिकरण की ओर से अधिक से अधिक वादकारियों से लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की गई है। अधिकार मित्र ऋषभ पाठक और कुमारी नीरज ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लोगों को त्वरित, सस्ता और सरल न्याय उपलब्ध कराया जाता है। इससे समय और धन दोनों की बचत होती है तथा आपसी सौहार्द भी बना रहता है।
