Homeउत्तर प्रदेश2027 में अखिलेश के नेतृत्व में सरकार बनाना ही मेरी प्राथमिकता: शिवपाल...

2027 में अखिलेश के नेतृत्व में सरकार बनाना ही मेरी प्राथमिकता: शिवपाल यादव

77153

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं स्थानीय विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि उन्हें किसी पद की कोई लालसा नहीं है, क्योंकि वह पार्टी में रहते हुए लगभग सभी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उन्होंने यह बात उस समय कही जब पत्रकारों ने राम गोपाल यादव द्वारा उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने के बयान पर सवाल किया।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि वह पहले भी प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और कैबिनेट मंत्री जैसे अहम पदों पर रह चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनवाना है और वह इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारों में आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाती थी। स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव शिवपाल सिंह यादव और अखिलेश यादव के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी वर्ग का व्यक्ति अपनी समस्या लेकर आता था तो उसकी शिकायत का बिना भेदभाव के समाधान किया जाता था। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि शपथ लेते समय जनता के हितों और सुविधाओं की रक्षा करने का वचन देते हैं और समाजवादी पार्टी ने हमेशा इस दायित्व को निभाया है।

वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में भेदभाव, भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर है। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष को महत्व नहीं देती और प्रशासनिक स्तर पर भी अनियमितताएं बढ़ी हैं। शिवपाल ने आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग नौकरियों में भी पैसे लेकर नियुक्तियां की जा रही हैं और निचले स्तर तक अवैध वसूली का चलन बढ़ गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों के लिए आवंटित बजट का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है। उनका आरोप था कि विभिन्न स्तरों पर कमीशनखोरी के कारण विकास प्रभावित हो रहा है, जिससे प्रदेश की प्रगति बाधित हो रही है। शिवपाल सिंह यादव नगर के मोहल्ला रेल मंडी में एक कार्यकर्ता के पारिवारिक शादी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Pankaj Rathaur
Pankaj Rathaurhttps://mihnews.in/
जमीन से जुड़ी रिपोर्टिंग में विश्वास रखने और सामाजिक मुद्दों से जुडी खबरे.
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular