
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। थाना क्षेत्र के गांव नगला खुशहाली निवासी रमेश चंद्र का 7 वर्षीय पुत्र प्रदीप सोमवार शाम अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिस पर थाना जसवंतनगर पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। उपनिरीक्षक शिव शंकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बालक की खोजबीन शुरू की और विभिन्न स्थानों पर तलाश अभियान चलाया।
मंगलवार को पुलिस ने हाईवे स्थित बस स्टैंड चौराहे के पास से बालक को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालक के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया। थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने बताया कि बालक खेलते समय रास्ता भटक गया था, जिसे तत्परता से खोजकर सुरक्षित घर पहुंचा दिया गया।
