
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा । बलरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगला तोर में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सुबह शौच के लिए गए एक वृद्ध किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
परिजनों ने तलाश की तो मिला शव
बलरई थानाध्यक्ष कृपाल सिंह के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 2:50 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। ग्राम नगला तोर निवासी 63 वर्षीय किसान वीरेंद्र बघेल पुत्र रामपूत बघेल सुबह करीब आठ बजे शौच के लिए खेतों की तरफ गए थे। जब काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने जब खेतों की ओर जाकर तलाश की, तो वीरेंद्र का शव खेत में निष्प्राण हालत में पड़ा मिला। बदहवास परिजन आनन-फानन में शव को घर ले आए और पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक जसवंत सिंह, शेर सिंह तोमर तथा क्षेत्रीय लेखपाल तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। परिवार में दो लोग मानसिक अस्वस्थ, बेटे-भाई रहते हैं बाहर , पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक वीरेंद्र बघेल का परिवार काफी परिस्थितियों से जूझ रहा है। मृतक की पत्नी मीरा देवी और भाई बलवीर मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। वीरेंद्र का एक बेटा विकास नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि बेटी रेनू की शादी धौलपुर खेड़ा गांव में हुई है। वहीं, उनका दूसरा भाई उदय सिंह गुरुग्राम में मजदूरी करता है। घर पर वीरेंद्र ही मुख्य रूप से देखभाल कर रहे थे।
कृपाल सिंह, थानाध्यक्ष, बलरई – “किसान का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शरीर पर जाहिरा तौर पर चोट के निशान हैं या नहीं, और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।”
