
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। नगरपालिका परिषद जसवंतनगर के सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अधिशासी अधिकारी श्याम वचन सरोज एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवंतनगर के अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक में संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए किए जाने वाले कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने नगर क्षेत्र में नालियों की नियमित सफाई, जलभराव की समस्या के निस्तारण, कीटनाशक दवाओं के छिड़काव तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डॉ. वीरेंद्र सिंह ने दिमागी बुखार, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य संचारी रोगों के लक्षण, बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई एवं मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाकर इन रोगों की रोकथाम की जा सकती है।बैठक में वरिष्ठ लिपिक नवनीत बाबू, सफाई प्रभारी लाल कुमार, सफाई नायक रामसिया, विनोद, सतीश, रविंद्र, सभासद शेष कुमार, सहित पालिका कर्मी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी को संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
