Homeउत्तर प्रदेशताजिया कमेटी के कार्यक्रम में बोले सपा महासचिव, राम मंदिर प्रकरण की...

ताजिया कमेटी के कार्यक्रम में बोले सपा महासचिव, राम मंदिर प्रकरण की जांच की उठाई मांग

129344

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर के मोहल्ला सराय खाम में ताजिया कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव का कमेटी पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रतीक चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी हैं, उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए तथा पूरे प्रकरण का निष्पक्ष और ईमानदारी से खुलासा होना चाहिए।

बिहार में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जहां भाजपा की सरकार है, वहां निष्पक्ष न्याय मिलने पर सवाल उठते हैं। उन्होंने मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लखनऊ में कोचिंग सेंटर में लगी आग की घटना में 15 लोगों की मौत पर दुख जताते हुए उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि घटना की गंभीरता से जांच कराई जानी चाहिए और मृतकों के परिजनों को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिया जाना चाहिए।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि पूजा पाल को पार्टी से निकाला नहीं गया था, बल्कि उन्होंने स्वयं पार्टी छोड़ी थी। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में भगोड़े लोगों की भरमार है। कार्यक्रम में डॉ. बृजेश यादव, अजेंद्र गौर, विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव, राहुल गुप्ता, खन्ना यादव, गोपाल गुप्ता,आलोक गैंगल्स, मोहम्मद अहसान, अनिल प्रताप सिंह सहित ताजिया कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Pankaj Rathaur
Pankaj Rathaurhttps://mihnews.in/
जमीन से जुड़ी रिपोर्टिंग में विश्वास रखने और सामाजिक मुद्दों से जुडी खबरे.
RELATED ARTICLES

Most Popular