
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। जनपद मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम बझेरा में रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई जब परिवार के सदस्य जागे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। चोरी की वारदात के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बझेरा निवासी इंद्र भूषण सिंह पुत्र मेहताब सिंह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। देर रात किसी समय अज्ञात चोर घर में पीछे के रास्ते से घुसआए। चोरों ने घर के कमरों में रखी अलमारियों और सेफ का ताला तोड़ दिया तथा उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर आसानी से फरार हो गए। सोमवार सुबह जब इंद्र भूषण सिंह की पत्नी सुमन बच्चों को स्कूल भेजने के लिए जागीं तो उन्हें घर के पीछे का दरवाजा खुला दिखाई दिया। शक होने पर उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और सेफ का ताला टूटा हुआ मिला।
इसके बाद परिवार के होश उड़ गए और चोरी की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही बेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी लेने के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं फोरेंसिक विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
