
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। थाना क्षेत्र में मोबाइल लूट की सूचना पर तत्परता दिखाते हुए जसवंतनगर पुलिस ने कार्रवाई कर टेस्टिंग रिपोर्ट में खुद को पास साबित किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई इस आकस्मिक जांच में पुलिस की कार्यप्रणाली को परखा गया।
वादी मिलन कुमार पुत्र देवपाल निवासी ग्राम बडेरा पोस्ट इस्लामपुर जिला हमीरपुर ने थाना कार्यालय के कंप्यूटर क्लर्क सतेन्द्र सिंह कुन्तल को तहरीर देकर बताया कि वह फिरोजाबाद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कटफोरी के पास एक ईंट भट्ठे पर कार्य करता है। शुक्रवार को वह जसवंतनगर में एक दुकान से मछली खरीदने आया था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर कॉल आई। फोन पर बात करने के लिए जैसे ही वह दुकान से बाहर निकला, तभी अपाचे बाइक सवार दो युवक उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही कंप्यूटर क्लर्क ने तत्काल थानाध्यक्ष कमल भाटी और डीसीआरवी को वायरलेस सेट के माध्यम से अवगत कराया। सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वादी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इस मामले की जांच और पुलिस की तत्परता परखने के लिए सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की। जांच के दौरान जसवंतनगर पुलिस की सक्रियता संतोषजनक पाई गई, जिसके बाद टेस्टिंग रिपोर्ट में थाना पुलिस को पास माना गया।
