
मैनपुरी- मीना कुमारी ने महिला जन-समस्या समाधान कार्यक्रम में पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों, विशेष रूप से पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा स्वावलंबन केंद्र और प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। सरकार द्वारा अधिकांश जनकल्याणकारी योजनाएं महिलाओं को केंद्र में रखकर संचालित की जा रही हैं।
जन-सुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न महिलाओं ने अपनी समस्याएं महिला आयोग सदस्य के समक्ष रखीं। मुहल्ला सोतियाना निवासी ज्योति कश्यप ने बेटे की हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच एवं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। ग्राम आलीपुर पट्टी निवासी इन्द्रमती ने पति और परिवारजनों द्वारा उत्पीड़न की शिकायत की। ग्राम जसरऊ निवासी नीलम ने झूठे एससी-एसटी मुकदमे में फंसाने के प्रयास की शिकायत की।
वहीं गुलाब बाग निवासी शालिनी ने दहेज उत्पीड़न तथा खरगजीत नगर निवासी तनीषा मिश्रा ने पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का मामला उठाया। सदस्य महिला आयोग ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।द्वितीय सत्र में शिवसिंहपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम में मीना कुमारी ने महिलाओं से संवाद करते हुए कहाउ कि सरकार बेटी के जन्म से लेकर विवाह तक सहयोग प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बालिकाओं को उच्च शिक्षा तक आर्थिक सहायता दी जा रही है, जबकि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह सरकारी खर्च पर कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित हुए। बच्चों को पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं तथा विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। इस अवसर पर पुलिस, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
