Homeउत्तर प्रदेशभोगांव में दर्दनाक सड़क हादसा: भाई-बहन की मौत, भांजा गंभीर घायल

भोगांव में दर्दनाक सड़क हादसा: भाई-बहन की मौत, भांजा गंभीर घायल

89064

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। जनपद के भोगांव थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि उनका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा दिल्ली-कानपुर हाईवे पर मायाचंद्रपुर गांव के पास करीब 2:30 बजे हुआ, जब उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी एक डीसीएम से टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमरीहार गांव निवासी 22 वर्षीय मोनू अपनी बहन संगीता और भांजे अर्पित के साथ छिबरामऊ में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे मायाचंद्रपुर के पास पहुंचे, उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में जा भिड़ी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संगीता गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने संगीता को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अर्पित को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के दौरान मोनू का हेलमेट सिर से निकलकर दूर जा गिरा। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार तेज थी, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया।

डीसीएम चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर कहीं चला गया था। परिजनों ने बताया कि संगीता की ससुराल फिरोजाबाद में है और वह एक दिन पहले ही अपने मायके आई थीं। वह अपने बेटे अर्पित के साथ भाई मोनू के साथ शादी समारोह में गई थीं और लौटते समय यह हादसा हो गया।घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

MiH News
MiH Newshttps://mihnews.in
MiH News का मुख्य उद्देश्य है आप लोगो तक ताज़ा जानकारी को सबसे तेज और सबसे पहले पहुँचाना है। हम तेज़ और सटीक समाचार प्रदान करने के लिए जाने जाते हैं।
RELATED ARTICLES

Most Popular