
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। बीते दिन पिछले कई दिनों से स्मार्ट मीटर को लेकर आक्रोशित चल रही नगर की महिलाओं ने बिजली घर पहुंच कर अपना विरोध प्रदर्शन किया था। नगर के विभिन्न मोहल्लओ से विरोध जताने पहुंची आक्रोशित महिलाओं ने अपने-अपने शिकायती प्रार्थना पत्र बिजली विभाग को दिए थे। मोहल्ला कोठी कैस्त की महिला श्याम किशोरी की अगवाई में कॉलोनी की समस्त महिलाओं ने भी एक संयुक्त शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था जिसको सुनने और समस्या के निदान के लिए बुधवार शाम को बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता ऋषभदेव,अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार, एसडीओ जसवंतनगर आनंदपाल और जेई कौशल पाण्डेय अपनी टीम के साथ नगर के मोo कोठी कैस्त पहुंचे।
यहां बड़ी संख्या में महिला उपभोक्ताओं सहित अन्य लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।लेकिन मौके पर किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सका।अंत में अधीक्षण अभियंता ऋषभदेव ने बताया कि समस्याओं के निस्तारण के लिए लगातार तीन दिनों तक कैंप आयोजित किया जाएगा। जब तक सभी उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक कैंप जारी रहेगा।पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कैंप केवल एक मोहल्ले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे नगर में लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि समस्या पूरे जसवंतनगर की है, इसलिए नगर के विभिन्न मोहल्लों में कुल 22 कैंप आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
आश्वासन दिया गया कि जब तक आपकी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाएगा तब तक इस प्रकार के कैम्प लगातार लगते रहेंगे। साथ ही अधीनस्थों को गंभीरता के साथ स्मार्ट मीटर की समस्याओं को सुन उनके निदान करने के सख्त निर्देश दिए। विद्युत विभाग के टोल फ्री नंबर 1912 के बारे में भी जानकारी देकर कहा कि इस पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं और अगर समस्या का निदान नहीं होता तो कार्यालय में या मुझे व्यक्तिगत समस्या को बता सकते है, प्राथमिकता के आधार पर निदान किया जाएगा।
