
जसवन्तनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। थानाध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में मैनपुरी जिले की सीमा से लेकर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बॉर्डर तक व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान जोनई चौकी क्षेत्र से लेकर राजमार्ग पर विशेष निगरानी रखी गई। इस दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉली में ओबर लोड भूसा भरे होने के साथ-साथ बिना हेल्मेट मोटरसाइकिल चलाने वाले वाहन चालकों और गलत दिशा से आ रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाते हुए पांच दर्जन से अधिक चालान काटे, जिनकी कुल राशि करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी, आशीष कुमार, शुभम वर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
