
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन गुरुवार से ब्रह्माणी देवी मंदिर पर लगने वाले लख्खी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नगर से करीब 17 किलोमीटर दूर और बलरई थाना क्षेत्र की यमुना नदी की तलहटी के बीहड़ों में स्थित प्राचीन ब्रह्माणी देवी मंदिर क्षेत्र में शक्तिपीठ के रूप में प्रसिद्ध है। नवरात्रि के दौरान यहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन को पहुंचते हैं।

प्रथम दिन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायिक अधिकारी श्रीमती आरती द्विवेदी ने सीओ आयुषी सिंह व तहसीलदार नेहा सचान के साथ मंदिर पहुंचकर चांदी का छत्र चढ़ाया। वृंदावन से आए आचार्य सर्वेश शास्त्री ने मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।
मंदिर के पुजारी भुवनेश कुमार मिश्रा उर्फ भोले ने बताया कि प्रतिदिन सुबह पांच बजे मंगला आरती और शाम छह बजे आरती होती है, जबकि सात बजे भोग प्रसाद वितरित किया जाता है।
सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कंट्रोल रूम, पीएसी बल, सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। पुलिस बल के साथ ट्रैफिक, फायर व एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
