
औरैया के अजीतमल में एक शादी उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब सात फेरे शुरू होने से पहले ही दूल्हे की पहली पत्नी अपनी 12 साल की बेटी और पुलिस फोर्स के साथ गेस्ट हाउस पहुंच गई। महिला ने दावा किया कि उसकी शादी 14 साल पहले दूल्हे कमलेश से हुई थी और उनकी एक बेटी भी है।
मामला सामने आते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत शादी की रस्में रुकवा दीं। बताया जा रहा है कि शहर के एक गेस्ट हाउस में रेलवे कर्मचारी की बेटी की शादी कानपुर देहात के मूसानगर निवासी कमलेश से हो रही थी। मेहमान शादी की खुशियों में शामिल थे और मंडप में रस्मों की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान पहली पत्नी ने मौके पर पहुंचकर अपने रिश्ते के सबूत पुलिस को दिखाए। सच्चाई सामने आते ही लड़की पक्ष के होश उड़ गए और शादी रुक गई। माहौल बिगड़ता देख दूल्हा मौका मिलते ही गेस्ट हाउस से फरार हो गया।
घटना के बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। वहीं लड़की पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
