
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। बादाम नगर स्थित सिरसा नदी पुल के पास चल रहे सफाई कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवालों के बाद सोमवार को सिंचाई विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान सफाई कार्य में खामियां मिलने पर अधिकारियों ने संबंधित कार्यदायी संस्था को दोबारा मानक के अनुरूप सफाई कराने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि शनिवार को स्थानीय लोगों ने सफाई कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी श्याम बचन सरोज को मौके पर बुलाया था। इस दौरान सभासद राजीव तथा संजीव मुरली पाठक समेत अन्य लोगों ने सफाई कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई थी। मामले की शिकायत क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव से भी की गई थी।
शिकायत के बाद सोमवार दोपहर सिंचाई विभाग के एसडीओ राकेश कुमार और जेई सुमित गुप्ता ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण में बादाम नगर क्षेत्र में करीब आधा किलोमीटर तक कराए गए सफाई कार्य पर अधिकारियों ने असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि पूरे हिस्से में दोबारा गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सफाई कराई जाए, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
