Homeउत्तर प्रदेशसंपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद और अतिक्रमण की 14 शिकायतें, 2...

संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद और अतिक्रमण की 14 शिकायतें, 2 का मौके पर निस्तारण

137431

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। मॉडल तहसील में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 14 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। लंबित प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी द्वारा की जानी थी, लेकिन उनके अनुपस्थित रहने पर उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत ने समाधान दिवस की अध्यक्षता की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अभयनाथ त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह, तहसीलदार अभिजीत गौरव, नायब तहसीलदार नेहा सचान, नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

समाधान दिवस में ग्राम कैस्त निवासी ऋषिकांत चतुर्वेदी ने ग्राम मलाजनी हाईवे किनारे स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के चबूतरे का स्तर बढ़ जाने से प्रतिमा के पैर जमीन में दबने की शिकायत करते हुए प्रतिमा को सुरक्षित कराने की मांग की। अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

भाजपा नेता सुरेश गुप्ता ने तहसील क्षेत्र के लेखपालों के लिए ग्राम सचिवालयों में बैठने का निश्चित समय तय किए जाने की मांग रखी।
इसके अलावा नगला नरिया के अवधेश व सर्जन सिंह ने चकरोड की पैमाइश, कोकाबली के संतोष कुमार ने खेत से अवैध कब्जा हटवाने, बिबामऊ के सर्वेश कुमार ने तालाब की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को रुकवाने, नगला केहरी के सुभाष चंद्र ने भूमि की पैमाइश, फुलरई के राजाराम धनगर ने तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा अली गांव के शिवराज ने अपनी भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण पर रोक लगाने की मांग की।

वहीं कैस्त निवासी फूल सिंह और राजवीर ने हिस्सेदारों पर निर्धारित हिस्से से अधिक भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए पैमाइश कराकर कब्जा हटवाने की मांग की। उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यक होने पर मौके पर पहुंचकर जांच कर कार्रवाई की जाए।

Pankaj Rathaur
Pankaj Rathaurhttps://mihnews.in/
जमीन से जुड़ी रिपोर्टिंग में विश्वास रखने और सामाजिक मुद्दों से जुडी खबरे.
RELATED ARTICLES

Most Popular