
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान चौ. सुघर सिंह इंटर कॉलेज में ‘मेधा सम्मान समारोह-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों से विद्यालय का मान बढ़ाने वाले 48 मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करना और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित करना था।
सफलता के लिए अनुशासन और लक्ष्य जरूरी: DIOS
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) अतुल कुमार सिंह ने मेधावियों को पुरस्कार सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा: “कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी हैं। विद्यार्थियों को जीवन में हमेशा उच्च लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और पूरी लगन के साथ उन्हें हासिल करने के लिए आगे बढ़ना चाहिए।”
प्रतिभाओं को निखारने के लिए संस्थान प्रतिबद्ध: अनुज यादव
संस्थान के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चौ. सुघर सिंह इंटर कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ होनहार प्रतिभाओं के सम्मान के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहा है। विद्यार्थियों की यह शानदार उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गौरव का विषय है। भविष्य में भी मेधावियों का हौसला बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर जारी रहेंगे।
गुरुजनों ने थपथपाई पीठ, सुनहरे भविष्य की कामना
प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतिफल है। उन्हें पूरा विश्वास है कि ये विद्यार्थी आगे भी विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। इस गौरवमयी क्षण के साक्षी बनने वालों में संस्था के निदेशक डॉ. संदीप पांडेय, प्रबंध समिति के सदस्य अशांक हनी यादव, डॉ. रीमा मंडल, डॉ. प्रदीप यादव, मनीष चौधरी, गौरव भदौरिया, डॉ. आस्था त्रिपाठी सहित भारी संख्या में शिक्षकगण, कर्मचारी और अभिभावक मौजूद रहे।
