Homeउत्तर प्रदेशयूपी बोर्ड में सुघर सिंह कॉलेज का जलवा, 6 छात्र प्रदेश मेरिट...

यूपी बोर्ड में सुघर सिंह कॉलेज का जलवा, 6 छात्र प्रदेश मेरिट में शामिल

77501

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर के चौधरी सुघर सिंह ग्रुप ऑफ एजुकेशन द्वारा संचालित चौधरी सुघर सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज ने यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गुरुवार को परिणाम घोषित होते ही कॉलेज परिसर में जश्न का माहौल छा गया। जैसे ही परीक्षाफल जारी हुआ, कॉलेज में ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देने लगी। मेरिट में स्थान बनाने वाले छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे। बच्चों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और जमकर डांस किया। स्कूल प्रशासन ने मिठाइयां बांटकर इस उपलब्धि का उत्सव मनाया।

हाईस्कूल में प्रख्या भदौरिया ने 582/600 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया। सृष्टि ने 581 अंकों के साथ छठवां और सुशांत ने 578 अंकों के साथ नौवां स्थान प्राप्त किया। वहीं दिव्यांशी, प्रिया और आस्था ने 577 अंक हासिल कर प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट में मृदुल ने जिले में पहला स्थान प्राप्त कर कॉलेज का गौरव बढ़ाया।

कॉलेज में सफलता का जश्न देर तक चलता रहा। टॉपर्स के कॉलेज पहुंचते ही उनका बैंड-बाजों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। पुष्प वर्षा कर बच्चों को फूल-मालाओं से लाद दिया गया। पूरे परिसर में ‘सुघर सिंह कॉलेज जिंदाबाद’ के नारे गूंजते रहे। कॉलेज के प्रबंध निदेशक व ब्लॉक प्रमुख अनुज मोंटी यादव ने प्रदेश और जिले की मेरिट में स्थान पाने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह शानदार परिणाम संभव हो सका है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि संस्थान में अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही सफलता की असली कुंजी है।

Pankaj Rathaur
Pankaj Rathaurhttps://mihnews.in/
जमीन से जुड़ी रिपोर्टिंग में विश्वास रखने और सामाजिक मुद्दों से जुडी खबरे.
RELATED ARTICLES

Most Popular